✍️ भागीरथी यादव
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। मदनवाड़ा थाना क्षेत्र में मार्च में हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पत्नी से संबंध होने के शक को लेकर साले ने अपने जीजा की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को नाले के किनारे रेत में दफना दिया। पुलिस ने मामले में नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई है।

जानकारी के अनुसार 5 मार्च को भैंसाराटोला निवासी संजय हथगिया ने कोहका नाले के पास अज्ञात शव मिलने की सूचना पुलिस को दी थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की आशंका सामने आने पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान कदम भुआर्य (36), निवासी राजकट्टा, थाना औंधी के रूप में हुई।
जांच के दौरान मुख्य आरोपी चंदन अंधारे की लोकेशन हैदराबाद में मिली, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार उसने हत्या की घटना स्वीकार की। मृतक अपनी पत्नी पर चंदन से संबंध होने का शक करता था और इसी बात को लेकर पत्नी से मारपीट करता था। इसे लेकर चंदन और मृतक के बीच रंजिश थी।
पुलिस के मुताबिक 28 फरवरी को चंदन, चमन लाल देहरी, हेमंत राणा और एक नाबालिग ने कदम को शराब पिलाने के बहाने खेत में बुलाया। अधिक नशे में होने पर आरोपियों ने गमछे से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद शव को नाले के किनारे गड्ढा खोदकर रेत में दबा दिया और मोबाइल, पर्स व जूते नाले में फेंक दिए। मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
