शराब भट्ठी में लाइन लगाने को लेकर विवाद, युवक की मौत

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के हरदी स्थित शराब भट्ठी में शराब खरीदने के लिए लाइन में लगने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। कहासुनी के बाद एक युवक ने राकेश प्रजापति के साथ मारपीट कर दी। हमले में गंभीर रूप से घायल राकेश की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार है।

जानकारी के अनुसार, हरदी शराब भट्ठी में शराब लेने के लिए लाइन में खड़े राकेश प्रजापति का एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने राकेश के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान धारदार वस्तु से हमला किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है।

मारपीट में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास मौजूद लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।