✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के उरगा-भौंसमा ओवरब्रिज के समीप शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में उसके ट्रेन से गिरने अथवा ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल उरगा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष है। उसने टी-शर्ट और पैंट पहन रखी थी। सिर में गंभीर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि व्यक्ति रात में ट्रेन से यात्रा के दौरान गिरा था या रेलवे ट्रैक पार करते समय किसी ट्रेन की चपेट में आया।
मृतक की शिनाख्त के लिए उरगा पुलिस ने उसका फोटो विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा किया है। आसपास के गांवों में मुनादी कराने के साथ ही नजदीकी रेलवे स्टेशनों और थानों को भी सूचना भेजी गई है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पहचान के लिए मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
