✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। मोतीसागर पारा क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यापारी का शव उसके घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान जगमोहन केंवट (40) के रूप में हुई है। वह भजिया-बड़ा बेचकर पत्नी और दो बच्चों का पालन-पोषण करते थे। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह परिजनों ने जगमोहन को कमरे में पंखे से कपड़े के सहारे फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली तो मौके पर भीड़ जुट गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं।
