✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। दर्री थाना क्षेत्र के जमनीपाली स्थित साडा कॉलोनी में प्रगति टेलीकॉम दुकान का शटर तोड़कर तीन मोबाइल फोन और नकदी चोरी करने के मामले में दर्री पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है
जानकारी के अनुसार, 29 अगस्त की दोपहर करीब 1:48 बजे एक युवक मोबाइल खरीदने के बहाने प्रगति टेलीकॉम पहुंचा था। उसने दुकान में रखे मोबाइल देखे और कुछ देर बाद वहां से चला गया।
आरोप है कि उसी रात करीब 11:50 बजे वही युवक दुकान के पास पहुंचा और रॉड की मदद से दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुस गया।
आरोपी दुकान से तीन नग मोबाइल फोन और करीब 5 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गया। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी का चेहरा और हुलिया स्पष्ट दिखाई देने की बात दुकान संचालक ने पुलिस को दी गई शिकायत में कही है।
दुकान संचालक के मुताबिक आरोपी की पहचान शांतनु के रूप में हुई है। CCTV में वह नीली जैकेट और काले रंग की सैंडल पहने नजर आया। उसके शरीर और दाहिने हाथ की हथेली पर टैटू भी है।
दर्री पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया है। पुलिस चोरी किए गए मोबाइल और नकदी की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
