✍️ भागीरथी यादव
गोमाता चौक सीतामणी से निकलेगी भव्य यात्रा, घंटाघर चौक निहारिका में होगा सभा एवं समापन
कोरबा। भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सर्व यादव समाज कोरबा जिला के तत्वावधान में भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा और रैली का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह है।
3 सितंबर 2026, गुरुवार को दोपहर 2 बजे गोमाता चौक, सीतामणी से शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी और धार्मिक उत्साह के साथ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए घंटाघर चौक निहारिका पहुंचेगी। यहां सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद शोभायात्रा का समापन होगा।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को एकजुट करने के साथ भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों और संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए समाज के पदाधिकारी और सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं।
आयोजकों ने यादव समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शोभायात्रा को सफल बनाने की अपील की है। शहर में आयोजन को लेकर लगाए गए बैनर और प्रचार सामग्री से भी लोगों को कार्यक्रम की जानकारी दी जा रही है।
