✍️ भागीरथी यादव
कटघोरा, 3 सितम्बर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें एमडीपी कॉलेज और जीबी कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं अधिकारियों ने एनसीसी कैडेट्स को तपेदिक के लक्षण, संक्रमण से बचाव, जांच और समय पर उपचार की जानकारी दी। साथ ही केंद्र सरकार की निक्षय मित्र योजना के उद्देश्य और टीबी मरीजों को मिलने वाली सहायता के संबंध में भी जानकारी साझा की गई।
प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को बताया गया कि वे अपने आसपास के लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करने के साथ ही संभावित मरीजों को जांच और उपचार के लिए प्रेरित कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने समाज में टीबी को लेकर फैली भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में दोनों कॉलेजों के प्राध्यापक भी मौजूद रहे। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को सामाजिक जागरूकता के ऐसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के समापन पर कैडेट्स ने “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” का संकल्प लिया और टीबी उन्मूलन का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रण किया।
