कोसा हत्याकांड की जांच नए सिरे से तेज

✍️ भागीरथी यादव

 

 

एसपी ने खुद घटनास्थल का किया निरीक्षण

ASP डॉ. यूलैंडन यार्क के नेतृत्व में SIT गठित, घटनास्थल का होगा रीक्रिएशन; गांव में जल्द खुलेगा पुलिस चेक पोस्ट

मुलमुला। थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम कोसा में जून माह में हुए युवक के हत्याकांड की जांच अब पुलिस ने नए सिरे से तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने स्वयं ग्राम कोसा पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अब तक की विवेचना, उपलब्ध साक्ष्यों और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।

जानकारी के अनुसार ग्राम कोसा में 27 जून से 29 जून के बीच एक युवक की अज्ञात आरोपी ने हत्या कर दी थी। घटना के संबंध में थाना मुलमुला में धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। लंबे समय से आरोपी की पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस ने अब जांच को नए सिरे से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।

ASP के नेतृत्व में SIT गठित

हत्याकांड के शीघ्र खुलासे और अज्ञात आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस अधीक्षक ने ASP जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क के नेतृत्व में नई जांच टीम (SIT) गठित की है। टीम घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच करेगी। घटनास्थल, तकनीकी साक्ष्य, संदिग्ध व्यक्तियों और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं को जांच के दायरे में लिया जाएगा।

पुलिस द्वारा घटनास्थल का रीक्रिएशन भी कराया जाएगा, ताकि घटना के क्रम और उससे जुड़ी कड़ियों को समझने में मदद मिल सके। नई टीम उपलब्ध साक्ष्यों की नए सिरे से समीक्षा कर मामले की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है।

गांव में खुलेगा पुलिस चेक पोस्ट

घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी और निगरानी बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम कोसा में जल्द ही पुलिस चेक पोस्ट शुरू किया जाएगा। इसके माध्यम से क्षेत्र में लगातार पुलिस निगरानी और गश्त को मजबूत किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्याकांड के आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच को सभी संभावित दिशाओं में आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि मामले से जुड़ी सभी कड़ियों को जोड़कर जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा किया जाए।