✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में आरपीएफ कॉलोनी के पास रेलवे निर्माण कार्य से जुड़े सामान की निगरानी कर रहे सुपरवाइजर की हत्या से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिहार के आरा जिले निवासी नरेश कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। उसके सिर पर भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले हैं।

मिली जानकारी के अनुसार नरेश पिछले करीब दो वर्षों से बिलासपुर में रहकर रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य से संबंधित सामान के गोदाम की रखवाली कर रहा था। गुरुवार सुबह आरपीएफ कॉलोनी में पानी टंकी के पास उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना मिलते ही GRP, RPF और तोरवा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में करीब 25 से 30 वर्ष का एक संदिग्ध युवक नजर आया है। बताया जा रहा है कि उसके हाथ में हथौड़ा दिखाई दे रहा है और घटना के दौरान नरेश की चीखें भी CCTV में सुनाई दे रही हैं। हालांकि हत्या करते हुए स्पष्ट दृश्य कैमरे में कैद नहीं हुआ है।
घटना के बाद FSL और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे चोरी की नीयत थी या आपसी रंजिश। आसपास के लोगों और संबंधित कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है।
