पति ने हथौड़े से पत्नी के सिर पर किए वार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

मगरलोड। शराब पीने से मना करने पर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी के सिर पर लोहे के हथौड़े से कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद फरार आरोपी पति को मगरलोड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा समेत अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, घटना 2 सितंबर की रात ग्राम भैंसमुडी में हुई। गांव निवासी चम्मन लाल साहु (36) शराब के नशे में घर पहुंचा था। शराब पीने से मना करने की बात को लेकर उसका पत्नी किरण साहु से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर लोहे के हथौड़े से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

परिजनों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस टीम ने घायल महिला को सीएचसी मगरलोड पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया। महिला का उपचार जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पाण्डेय के निर्देश पर मगरलोड पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में धारा 109 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौका नक्शा तैयार किया और परिजनों व गवाहों के बयान दर्ज किए।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिले मेमोरेण्डम के आधार पर उसकी निशानदेही से घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा बरामद कर जब्त किया गया। अन्य महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य भी पुलिस ने विधिवत जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी: चम्मन लाल साहु पिता डोमार राम साहु, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम भैंसमुडी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी।