✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। NTPC कोरबा संयंत्र में शुक्रवार को अचानक तकनीकी खराबी के चलते सभी सातों यूनिट के ट्रिप होकर बंद होने की खबर सामने आई है। यूनिट नंबर 1 से लेकर 7 तक एक साथ बंद होने से संयंत्र में बिजली उत्पादन पूरी तरह प्रभावित हुआ। वहीं NTPC टाउनशिप में भी बिजली आपूर्ति बाधित होने से कई इलाकों में अंधेरा छा गया।
बताया जा रहा है कि संयंत्र की इकाइयों में आई खराबी के बाद बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ और इसका असर प्रदेश की बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर भी पड़ा। प्रदेश के अनेक हिस्सों में बिजली गुल होने की जानकारी सामने आ रही है। हालांकि, सातों यूनिट के एक साथ ट्रिप होने की वास्तविक तकनीकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
NTPC का तकनीकी अमला स्थिति को सामान्य करने और बंद यूनिटों को दोबारा चालू करने में जुटा हुआ है। प्रबंधन की ओर से आधिकारिक कारण और उत्पादन पर पड़े प्रभाव की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
2011 में भी सामने आई थी ऐसी बड़ी घटना
गौरतलब है कि NTPC कोरबा के इतिहास में सितंबर 2011 में भी बड़ी घटना के कारण संयंत्र का उत्पादन लगभग ठप होने की स्थिति में पहुंच गया था। उस समय भारी बारिश के चलते धनरास स्थित राखड़ बांध क्षतिग्रस्त हो गया था। सुरक्षा कारणों से संयंत्र की कई बड़ी इकाइयों को बंद करना पड़ा था। उस दौरान 2600 मेगावाट क्षमता वाले संयंत्र का उत्पादन घटकर करीब 200 मेगावाट रह गया था।
हालांकि, मौजूदा घटना का कारण 2011 की घटना से अलग है या नहीं, इसकी पुष्टि NTPC प्रबंधन की आधिकारिक जानकारी के बाद ही हो सकेगी।
