✍️ भागीरथी यादव
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही वन परिक्षेत्र के उसाढ़ परिसर के कक्ष क्रमांक 2035 में मृत मिली मादा भालू के पंजे से चार नाखून काटने के मामले में वन विभाग ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डॉग स्क्वॉड की सहायता से चलाए गए सर्च अभियान के दौरान दोनों को पकड़ा गया। आरोपियों के पास से भालू के चारों गायब नाखून बरामद किए गए हैं।
वन विभाग को 3 सितंबर को जंगल में भालू का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर जांच के दौरान उसके पिछले दाएं पंजे के चार नाखून गायब पाए गए। इसके बाद विभाग ने जांच तेज करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। साक्ष्यों के आधार पर ग्राम बरौर निवासी सुदर्शन यादव (54) और सूरज साहिस (20) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उनके कब्जे से नाखून बरामद हुए।
पशु चिकित्सकों की मौजूदगी में भालू का पोस्टमार्टम कराया गया। करीब 8 वर्षीय मादा भालू की मौत प्राथमिक जांच में फेफड़ों में संक्रमण के कारण होना बताया गया है। वन विभाग ने नाखून जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कार्रवाई की। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को पेंड्रारोड जेल भेज दिया गया। बाद में वन अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में मृत भालू का विधिवत दाह संस्कार किया गया।
