शिकायतों के बाद भी नहीं जागा बिजली विभाग, अवैध कनेक्शनों से मीटरधारी परेशान

✍️ भागीरथी यादव

 

खंभे पर बेतरतीब लटके तार बने खतरा, जनदर्शन और CM हेल्पलाइन में शिकायत के बावजूद कार्रवाई का इंतजार

 

कोरबा। अयोध्यापुरी वार्ड क्रमांक 52 के शारदा चौक के समीप बिजली व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। बिजली के खंभे पर बेतरतीब तरीके से लटके तार और कथित अवैध कनेक्शनों के कारण यहां दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करने वाले मीटरधारी उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है, जबकि अनधिकृत कनेक्शनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है।

 

स्थानीय नागरिकों के मुताबिक खंभे पर तारों का जाल इस कदर फैला हुआ है कि किसी भी समय तार टूटने या करंट फैलने से गंभीर हादसा हो सकता है। खासकर सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

 

सबसे गंभीर बात यह है कि समस्या को लेकर कलेक्टर जनदर्शन और CM हेल्पलाइन में शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

 

लोगों का सवाल है कि आखिर किसी बड़े हादसे के बाद ही बिजली विभाग की नींद खुलेगी? यदि समय रहते बेतरतीब तारों को व्यवस्थित कर संदिग्ध कनेक्शनों की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाए तो संभावित दुर्घटना को टाला जा सकता है।

 

हादसे का इंतजार या कार्रवाई का फैसला?

 

शारदा चौक के समीप बिजली खंभे की मौजूदा स्थिति विभागीय व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बिजली विभाग मौके का निरीक्षण कर अवैध कनेक्शनों की जांच, बेतरतीब तारों को व्यवस्थित करने और सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था दुरुस्त करने की तत्काल कार्रवाई करे, ताकि किसी अनहोनी से पहले समस्या का समाधान हो सके।