ओवरब्रिज पर कार पलटी, युवती की मौत

✍️ भागीरथी यादव

 

 

रायपुर, 6 सितंबर। राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नया रायपुर से लौट रहे चार युवक-युवतियों की कार सेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो युवक और एक युवती घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार घटना शनिवार देर रात मंदिर हसौद थाना क्षेत्र की है। कार क्रमांक सीजी 04 एनडब्ल्यू 7718 में चार लोग सवार थे। सभी नया रायपुर की ओर से रायपुर लौट रहे थे। सेरीखेड़ी के पास ओवरब्रिज पर पहुंचते ही कार अचानक बेकाबू हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में कार सवार शिवानी ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं अनंत सोनकर निवासी रामबाग, धमतरी, प्रखर सोनकर निवासी पुरानी बस्ती, रायपुर और सेजल सोनकर निवासी कोटा, रायपुर घायल हुए हैं। तीनों को एनएचएआई की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस वाहन की रफ्तार, चालक के नियंत्रण समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।