शिक्षक दिवस पर गुरुजनों का सम्मान, विद्यार्थियों ने जताया आभार

सुशील जयसवाल

 

 

लाद, पोड़ी उपरोड़ा। शिक्षक दिवस के अवसर पर पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत लाद स्थित हाईस्कूल में सोमवार, 7 सितंबर को गुरुजनों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों का पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिनंदन किया और उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम में शिक्षकों ने कहा कि गुरु केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार, चरित्र और भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। माता-पिता के बाद विद्यार्थी के जीवन में शिक्षक का स्थान महत्वपूर्ण होता है। शिक्षकों का मार्गदर्शन बच्चों को सही दिशा देने के साथ उन्हें समाज और राष्ट्र के जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करता है।

विद्यालय के वरिष्ठ प्राचार्य जे.एल. जगत ने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस गुरुजनों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का अवसर है।

विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों द्वारा किए गए सम्मान के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर विजय कंवर, नीता प्रधान, उर्मिला एक्का, रामशरण सिंह, जय सिंह कंवर, लखेश्वर भारते, सुरेश तंवर, ओंकार प्रसाद केवट, वीरेंद्र कंवर, रामवती, नंद कुमारी, पार्वती मेश्राम, शकुन यादव एवं धनी यादव सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।