✍️ भागीरथी यादव
बांकीमोंगरा। बांकीमोंगरा पुलिस ने बाइक चोरी की वारदातों में संलिप्त एक युवक समेत दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पल्सर आरएस 200 बाइक और होंडा एक्टिवा स्कूटी सहित तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, देव कुमार अहिरवार की पल्सर बाइक 5 सितंबर की रात दुकान की पार्किंग से चोरी हो गई थी। अगले दिन चोरी का पता चलने पर उन्होंने बांकीमोंगरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले में अपराध क्रमांक 172/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मोनेन्द्र कुमार उर्फ मोनु (19), निवासी भिलाईबाजार को पकड़ा। पूछताछ में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई। आरोपियों से चोरी की पल्सर आरएस 200, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये है, तथा होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई। पुलिस ने दोनों वाहनों और तीन मोबाइल फोन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
