✍️ भागीरथी यादव
भानुप्रतापपुर। खाली मकान से Royal Stag और RC ब्रांड की शराब की खाली बोतलें, ढक्कन, होलोग्राम व बार कोड मिलने के मामले में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने आबकारी उप निरीक्षक रानू मरकाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
उप निरीक्षक पर अपने कार्यक्षेत्र में कर्तव्य के प्रति लापरवाही, उदासीनता और प्रभावी नियंत्रण नहीं रखने के आरोप लगाए गए हैं। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
गौरतलब है कि भानुप्रतापपुर पुलिस ने हाल ही में एक खाली मकान से बड़ी संख्या में शराब की खाली बोतलें, पौवे, ढक्कन, होलोग्राम और स्टीकर बरामद किए थे। इन सामानों के मिलने से अवैध शराब कारोबार की आशंका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस जांच के बीच आबकारी अधिकारी पर हुई कार्रवाई से विभाग में हलचल बढ़ गई है। फिलहाल पूरे मामले की पड़ताल जारी है और जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई होने की संभावना है।
