✍️ भागीरथी यादव
बांकीमोंगरा। दुकान में चोरी की सूचना संचालक को देने से नाराज युवकों ने एक युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने युवक का गला दबाने के साथ लात-मुक्कों से हमला किया। वहीं, एक नाबालिग ने कड़े से उसके सिर पर कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार चाकाबुड़ा छिछमेपारा निवासी अजय सिदार ने 10 सितंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 9 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे उसने सल्हियापारा स्थित एक दुकान के पुराने मकान से तीन युवकों को चोरी का सामान ले जाते देखा था। इसकी जानकारी उसने दुकान संचालक को दे दी थी।
इसी बात से नाराज होकर उसी रात करीब 9 बजे तालाब के पास आरोपियों ने अजय को घेर लिया। गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से गला दबाया। इसी दौरान नाबालिग ने हाथ में पहने कड़े से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर कन्हैयालाल अगरिया उर्फ कान्हा, विजय कुमार अगरिया उर्फ बिज्जू और राहुल सिंह अगरिया उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया। विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
