✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। आरोपी वाहन का नंबर खुरचकर उसे चलाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते वह पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार सदर बाजार निवासी 90 वर्षीय विनोद कुमार मिश्रा ने 10 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने 9 सितंबर की रात अपनी एक्टिवा क्रमांक CG10/Y6884 घर के सामने लॉक कर खड़ी की थी। सुबह करीब 9.30 बजे देखने पर वाहन गायब मिला। रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 513/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ चोरी गए वाहन की तलाश शुरू की। इसी दौरान शनिचरी रपटा पुल के पास वाहन चेकिंग में पुलिस ने रितिक यादव (24), निवासी रामायण चौक चांटीडीह, को एक्टिवा चलाते पकड़ा। वाहन का नंबर खुरचा हुआ था। जांच में एक्टिवा चोरी के मामले में दर्ज होना सामने आया।
पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने एक्टिवा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
