हसदेव की तेज धार में बहे तीन छात्र, तलाश जारी

✍️ भागीरथी यादव

 

 

सेल्फी के दौरान एक का फिसला पैर, बचाने नदी में उतरे दो साथी भी बहे

जांजगीर-चांपा/बलौदा। हसदेव नदी के किनारे पिकनिक मनाने पहुंचे बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के छात्रों के लिए शुक्रवार का दिन दर्दनाक हादसे में बदल गया। नदी किनारे सेल्फी लेने के दौरान पैर फिसलने से एक छात्र तेज बहाव में बह गया। साथी को डूबता देख दो अन्य छात्रों ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वे भी पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे के बाद तीनों छात्र लापता हैं। पुलिस और नगर सैनिक गोताखोरों की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है।

बताया गया कि चौकसे कॉलेज, बिलासपुर के बी. फार्मा प्रथम वर्ष के आठ छात्र-छात्राएं शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचे थे। दल में चार छात्राएं और चार छात्र शामिल थे। इसी दौरान मुरारी साहू (22), पवन लाल (22) और सचिन सिंह (23) हसदेव नदी के किनारे पहुंचे। सेल्फी लेने के दौरान अचानक एक छात्र का पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा।

साथी को बहता देख दोनों अन्य छात्रों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की तेज धारा के आगे उनकी कोशिश नाकाम रही और तीनों पानी में बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद नगर सैनिक गोताखोरों को बुलाकर नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया।

पुलिस के अनुसार तीनों छात्रों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में उनके अंबिकापुर, मरवाही और कवर्धा क्षेत्र के निवासी होने की बात सामने आई है। देर तक नदी में तलाश अभियान जारी रहा, लेकिन तीनों छात्रों का कोई सुराग नहीं मिल सका।