तीजा मनाने मायके आई महिला की करैत के काटने से मौत

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बालोद। तीजा का त्योहार मनाने मायके आई 32 वर्षीय महिला की करैत सांप के डसने से मौत हो गई। घटना गुरुर ब्लॉक के ग्राम मोहारा (अरमरीकला) की है। मृतका केकती बाई सिन्हा धमतरी जिले के अरौद गांव की रहने वाली थी।

बताया गया कि केकती अपनी तीन बहनों के साथ तीजा मनाने मायके आई थी। बुधवार रात करीब 12 बजे सभी जमीन पर सो रही थीं। इसी दौरान केकती के दाहिने पैर के अंगूठे के पास सांप ने डस लिया। उसकी आवाज सुनकर परिजन जागे और लाइट जलाने पर बिस्तर के पास काले रंग का करैत सांप दिखाई दिया। परिजनों ने सांप को मार दिया और केकती को अस्पताल ले जाने के लिए वाहन की तलाश शुरू की, लेकिन वाहन मिलने में देरी हो गई।

परिजन उसे जिला अस्पताल बालोद लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। अंतिम संस्कार धमतरी जिले के अरौद में किया गया।

केकती के दो बच्चे हैं। बेटी डोमेश्वरी (9) और बेटा जिज्ञासु (10) मां के साथ तीजा मनाने नहीं आ सके थे। घटना के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया।