कोरबा: जियो टावर से कॉपर केबल चोरी करने वाले आरोपी और कबाड़ी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र में जियो टावर से कॉपर केबल चोरी के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी के साथ चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी संचालक को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 9 किलो कॉपर बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 13-14 सितंबर की दरम्यानी रात बुधवारी स्थित रामजानकी मंदिर के पास लगे जियो टावर से कॉपर केबल चोरी हो गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद मानिकपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। संदेह के आधार पर पथर्रीपारा निवासी इकलाख खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने टावर से कॉपर केबल चोरी कर कुआभट्टा स्थित कबाड़ी संचालक ओमप्रकाश धारी को करीब 7 हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी संचालक को भी हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर करीब 9 किलो कॉपर बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 331(4), 305(1) एवं 317(2) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।