✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। दीपका में चलती मालगाड़ी के इंजन पर पत्थर फेंककर लोको पायलट को घायल करने के मामले में RPF ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कृष्णानगर निवासी रोशन तिवारी (26) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, 10 सितंबर की रात करीब 2 बजे एन बॉक्स/15 मालगाड़ी जूनाडीह से दीपका एसईसीएल साइडिंग की ओर जा रही थी। दीपका बाजार फाटक के पास अचानक इंजन पर पत्थर फेंका गया, जिसकी चपेट में आने से लोको पायलट घायल हो गया।

मामले में RPF पोस्ट कोरबा ने रेलवे अधिनियम की धारा 153 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। दीपका पुलिस की मदद से आरोपी को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने पथराव करना स्वीकार किया। RPF के मुताबिक, घटना के समय आरोपी नशे में था।
आरोपी को 15 सितंबर को बिलासपुर रेलवे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। RPF ने रेल पटरियों और ट्रेनों पर पत्थरबाजी से बचने की अपील की है।
