✍️ भागीरथी यादव
जम्मू से पहुंचे किन्नरों का छत्तीसगढ़ के किन्नरों ने किया विरोध, पूर्व महापौर मधु किन्नर के नेतृत्व में एसपी से शिकायत
कोरबा। किन्नर समाज में गुरु गद्दी को लेकर विवाद गहरा गया है। कोरबा में किन्नरों के दो गुट आमने-सामने आ गए हैं। जम्मू से पहुंचे कुछ किन्नरों के मालती किन्नर की गुरु गद्दी संभालने के कथित प्रयास का छत्तीसगढ़ के किन्नरों ने विरोध किया है। विवाद बढ़ने के बाद मामला पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया है।

बताया गया कि किन्नर समाज की मालती किन्नर का कुछ समय पहले निधन हो गया था। उनके निधन के बाद गुरु गद्दी को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि जम्मू से कुछ किन्नर कोरबा पहुंचे और मालती किन्नर की गद्दी संभालने का दावा किया। इसका स्थानीय किन्नर समाज ने विरोध जताया।
मामले को लेकर रायगढ़ की पूर्व महापौर मधु किन्नर के नेतृत्व में किन्नर समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर शिकायत की। उन्होंने जम्मू से आए किन्नरों से कोरबा से वापस जाने का आग्रह किया तथा विवाद में पुलिस के हस्तक्षेप की मांग की।
गुरु गद्दी पर अधिकार को लेकर दोनों पक्षों के दावे सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है। फिलहाल पुलिस के समक्ष शिकायत पहुंचने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। विवाद के बीच किन्नर समाज के दोनों पक्षों के दावों और शिकायतों को लेकर मामला चर्चा में बना हुआ है।
