✍️ भागीरथी यादव
भिलाई। नौकरी लगाने का झांसा देकर करीब 11 लाख रुपये की रकम लेने और बाद में नौकरी नहीं लगाने के मामले में भिलाई नगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उमेश मानिकपुरी (45), निवासी सूर्यनगर, गुढ़ियारी रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार भिलाई नगर निवासी लहनेदास मासुलकर ने 25 अगस्त 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उमेश मानिकपुरी ने नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर उससे करीब 11 लाख रुपये लिए थे। रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो नौकरी लगवाई और न ही पैसे वापस किए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के रायपुर में हनुमान चौक, एक्सप्रेस कॉलोनी, डिपरापारा में रहने की जानकारी मिली। पुलिस ने 18 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की। न्यायालय से एक दिन का पुलिस रिमांड मिलने के बाद पूछताछ पूरी कर आरोपी को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जांच में आरोपी द्वारा अन्य लोगों को भी नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर रकम लेने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन मामलों की भी जांच कर रही है। इसके अलावा आरोपी का नेवई थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य धोखाधड़ी के मामले से संबंध होने की जानकारी मिली है। पुलिस दोनों मामलों में आरोपी की भूमिका और लेन-देन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
