KORBA: खेत में धान की फसल देखने गए दो बच्चों पर भालू का हमला, दोनों घायल…

✍️ भागीरथी यादव

 

 

छातीबाहर गांव की घटना से ग्रामीणों में दहशत, जिला अस्पताल में उपचार जारी

कोरबा। लेमरू वन परिक्षेत्र के अंतर्गत छातीबाहर गांव में खेत में धान की फसल देखने गए दो बच्चों पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल कोरबा पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को दोनों बच्चे अपने खेत में धान की फसल देखने गए थे। इसी दौरान खेत के आसपास अचानक उनका सामना भालू से हो गया। बच्चे कुछ समझ पाते, इससे पहले ही भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू के हमले से दोनों बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद किसी तरह इसकी जानकारी परिजनों तक पहुंची, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और दोनों घायल बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल लेकर आए।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद छातीबाहर सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि वन क्षेत्र से लगे गांवों में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, ऐसे में खेतों और जंगल के आसपास जाने वाले लोगों में भय बना हुआ है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से घटना स्थल के आसपास निगरानी बढ़ाने, भालू की गतिविधियों पर नजर रखने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। बच्चों की चोटों की गंभीरता और घटना से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी वन विभाग की रिपोर्ट के बाद स्पष्ट हो सकेगी।