जोरदार टक्कर और थम गई दो जिंदगियां…

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम तेज बारिश के दौरान दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पुड़ु निवासी संजीव पैकरा (18) पिता संतोष पैकरा रविवार शाम अपने दोस्त अमन के साथ बाइक से किसी काम से निकला था। इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। दोनों युवक गांव से बाहर पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजीव पैकरा को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक पर पीछे बैठे अमन को गंभीर चोटें आईं। दूसरी बाइक चला रहे विशेष कुमार पैकरा (18) भी टक्कर के बाद सड़क से दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी भी मौके पर मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार रमन सिंह पैकरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।