✍️ भागीरथी यादव
मैनपुर। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम जरहीडीही में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। चरित्र को लेकर संदेह के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की बेल्ट से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, जरहीडीही निवासी रामकुमार नेताम को अपनी पत्नी मलीका नेताम के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर रामकुमार ने पत्नी पर बेल्ट से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने काफी देर तक महिला की पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने पड़ोसियों के सामने भी पत्नी की बेल्ट से पिटाई करने की बात बताई। सूचना मिलने पर शोभा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए मैनपुर भेजा गया है।
बताया गया है कि मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।
शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चरित्र शंका को लेकर आरोपी पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
