✍️ भागीरथी यादव
दुर्ग। जिले के धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम अगर में चरित्र शंका को लेकर पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद हत्या को छिपाने के लिए पत्नी को बीमार बताकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति त्रिलोक खांडे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 19 सितंबर की रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच 26 वर्षीय त्रिलोक खांडे और उसकी पत्नी अन्नू खांडे के बीच विवाद हुआ। चरित्र पर संदेह को लेकर विवाद बढ़ने पर आरोपी ने खाट पर बैठी अन्नू के सिर पर मुक्कों से हमला किया और बाद में उसका गला दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने पत्नी की मौत को बीमारी का रूप देने की कोशिश की और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा लेकर पहुंचा। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली। नवविवाहिता की संदिग्ध मौत की सूचना पर एसडीएम को अवगत कराया गया। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के दौरान मृतका के सिर पर चोट के निशान मिले।
पुलिस ने शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत को होमिसाइडल यानी हत्या जनित माना। इसके बाद पूछताछ में आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें मामले की परतें खुलती चली गईं।
पहले से चल रहा था दंपती के बीच विवाद
जांच में यह भी सामने आया कि पति-पत्नी के बीच पहले से विवाद चल रहा था। दोनों 21 फरवरी 2026 को तलाक के लिए धमधा न्यायालय भी पहुंचे थे। वहीं, अन्नू को मायके छोड़ने के दौरान उसके पिता के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत भी जामुल थाने में दर्ज बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी त्रिलोक खांडे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई।
