✍️ भागीरथी यादव
कोरबा/बांगो। बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम लेपरा में मारपीट और कथित धमकी का मामला सामने आया है। घटना को लेकर एक ग्रामीण ने 22 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कोरबा के नाम लिखित शिकायत सौंपकर तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में राजू ठाकुर उर्फ हरनारायण, संदीप ठाकुर और सोनू ठाकुर पर मारपीट, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार 20 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच गांव में कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान राजू ठाकुर उर्फ हरनारायण अपने साथियों के साथ कथित रूप से मारपीट कर रहा था। विवाद शांत कराने के उद्देश्य से शिकायतकर्ता वहां पहुंचा, लेकिन आरोप है कि उसके साथ भी हाथ-मुक्का, लात, डंडे और बेल्ट से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके परिचित अरुण कंवर के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने आवेदन में बताया कि मारपीट के कारण उसके शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आईं। घटना के बाद वह अपने परिजनों के साथ बांगो थाना पहुंचा और मामले की शिकायत की। हालांकि, शिकायतकर्ता का आरोप है कि थाने में उसकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।

थाने में रुपये मांगने का भी आरोप
शिकायत में पुलिस कार्रवाई को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसे और उसके साथियों को सुबह से शाम तक थाने में बैठाकर रखा गया। इसके बाद कथित तौर पर 8 हजार रुपये लाने की बात कही गई और रुपये नहीं देने पर जेल भेजने की बात कहे जाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मारपीट के आरोपों की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा पुलिस स्तर पर लगाए गए आरोपों की भी जांच कराने की मांग पुलिस अधीक्षक से की है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।
