सुशील जयसवाल
कोरबी चोटिया। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रोदे में गणेशोत्सव के अवसर पर स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का बुधवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विधिवत विसर्जन किया गया। गणेश प्रतिमा की स्थापना से लेकर विसर्जन तक गांव में धार्मिक एवं उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
गणेशोत्सव के दौरान गणेश पंडाल में प्रतिदिन सुबह-शाम पूजा-अर्चना, आरती एवं गणेश वंदना का आयोजन किया गया। इसके अलावा भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर गांव और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
विसर्जन के अवसर पर गणेश प्रतिमा को आकर्षक रूप से सजाया गया। ग्रामीण एवं श्रद्धालु प्रतिमा को लेकर विसर्जन स्थल तक पहुंचे। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
गणेशोत्सव के सफल आयोजन में समिति के सदस्यों, युवाओं एवं ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों ने आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ पर्व मनाया।
विसर्जन कार्यक्रम में रोहित राजपूत, महावीर कंवर, मेहरबान कंवर, रवीना बिंझवार, कविता बिंझवार, सजना बिंझवार, गजेंद्र कंवर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
