सुशील जयसवाल
कोरबी-चोटिया। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित ‘हमर एम.सी.बी. स्वास्थ्य सुधार अभियान’ के तहत बुधवार, 23 सितंबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोरबी में एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के करीब एक दर्जन गांवों से पहुंचे 172 मरीजों ने नि:शुल्क जांच, चिकित्सकीय परामर्श और उपचार का लाभ उठाया।
शिविर में विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित मरीजों की जांच की गई। मरीजों का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद आवश्यकता के अनुसार उन्हें संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श दिलाया गया। इस दौरान चिकित्सकों द्वारा आवश्यक उपचार और दवाओं का वितरण भी किया गया।
शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजना तिर्की, डॉ. अनिल बनर्जी, डॉ. संतोष पटेल, डॉ. एच.के. नायक एवं विजेंद्र राठिया सहित स्वास्थ्यकर्मियों ने सेवाएं दीं।
शिविर को सफल बनाने में संतोष पांडे, उषा साहू, सुमन कंवर, दिव्या पुलस्त, अनूपा डहरिया, सूर्य प्रकाश, पदमा कंवर, मंजू, मोनिका एवं अनिल कुमार सहित स्वास्थ्य अमले का योगदान रहा।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए दूरस्थ क्षेत्रों में भविष्य में भी ऐसे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।
