डीएसपी से मारपीट, वाहन के शीशे भी तोड़े जाने पूरा मामला….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

साइड देने और डीजे की तेज आवाज को लेकर हुआ विवाद, छह आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर, 25 सितंबर। गणेश विसर्जन के दौरान साइड देने और डीजे की तेज आवाज को लेकर हुए विवाद में ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना मणिपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात की बताई जा रही है। आरोप है कि गणेश समिति से जुड़े कुछ लोगों ने ट्रेनी डीएसपी के साथ मारपीट की और उनके वाहन में तोड़फोड़ कर शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए।

जानकारी के अनुसार, गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस डीजे के साथ जा रहा था। इसी दौरान ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे अपने वाहन से वहां से गुजर रहे थे। वाहन को साइड देने को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि डीजे की तेज आवाज को लेकर आपत्ति जताने के बाद विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मणिपुर थाने से अतिरिक्त बल बुलाया। पुलिस बल पहुंचने के बाद ट्रेनी डीएसपी को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें थाने ले जाया गया, जहां उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विसर्जन जुलूस में शामिल आरोपियों ने शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं, इसकी जांच के लिए उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस अन्य संदिग्ध आरोपियों की भी तलाश कर रही है। मामले में पुलिस द्वारा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।