फरारी के बाद आखिर गिरफ्त में आया रामसिंह ठाकुर, खपरगंज कांड में 30वीं गिरफ्तारी….

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। न्यायधानी के खपरगंज में 28 अगस्त की रात हुए विवाद और पत्थरबाजी के मामले में पुलिस ने दूसरे पक्ष के प्रमुख आरोपी रामसिंह ठाकुर को मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ग्राम माकरी कुठार स्थित अपने दोस्त के घर छिपा हुआ था।

मामले में एक पक्ष के मुख्य आरोपी सोहेल खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस रामसिंह ठाकुर की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान उसके पन्ना में छिपे होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

बताया गया है कि 28 अगस्त की रात दो लोगों के बीच शुरू हुआ विवाद बाद में गुटों के बीच टकराव और पथराव में बदल गया था। घटना के बाद पुलिस ने ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान शुरू की थी।

रामसिंह ठाकुर की गिरफ्तारी से पहले पुलिस इस मामले में दोनों पक्षों के 29 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। उसकी गिरफ्तारी के बाद कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 30 हो गई है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।