एसपी सूरज सिंह परिहार की पहल, योग शिविर और पौधरोपण से गूंजा पुलिस लाइन रूद्री

✍️ भागीरथी यादव

धमतरी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस ने स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए अनूठी पहल करते हुए रक्षित केंद्र धमतरी में भव्य योग शिविर एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। योग शिविर में आरक्षक सूजय मंडल और उनकी शिष्या रूची साहू ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने के साथ व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक बनाता है।

इस अवसर पर एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का माध्यम है। पुलिस सेवा जैसी चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण जिम्मेदारियों के बीच योग एवं प्राणायाम तनाव प्रबंधन का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को नियमित योग अपनाने और अपने परिवारों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सूजय मंडल एवं रूची साहू को पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि दोनों को हाल ही में योग के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान के लिए राज्यपाल द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।

योग शिविर के बाद पुलिस लाइन रूद्री परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का पौधरोपण किया गया। एसपी सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए वृक्षारोपण किया और पौधों की देखभाल का भी संकल्प लिया।

अपने संबोधन में एसपी ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी पर जीवन के आधार हैं और पर्यावरण संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है। अधिक से अधिक पौधरोपण और उनकी सुरक्षा से ही प्रकृति और मानव जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है।

धमतरी पुलिस द्वारा स्वास्थ्य संवर्धन, तनाव प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में लगातार नवाचारपूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं। योग एवं पौधरोपण जैसे कार्यक्रम न केवल पुलिस बल को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी प्रसारित करते हैं।

कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक मोनिका मरावी, मीना साहू, यशकरण दीप ध्रुव सहित जिले के थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।