महिला का फोटो एडिट कर सोशल मीडिया में वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। महिला की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से उसका फोटो एडिट कर सोशल मीडिया में वायरल करने वाले आरोपी को तोरवा पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सक्ती जिले से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को पीड़िता ने थाना तोरवा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसके परिचित चुकेन्द्र साहू उर्फ प्रांशु (30 वर्ष), निवासी अड़भार, थाना मालखरौदा, जिला सक्ती ने उसके फोटो को एडिट कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया है। आरोप है कि यह कृत्य महिला को बदनाम करने और उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की नीयत से किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना तोरवा पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 290/2026 के तहत धारा 77 बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की लोकेशन मालखरौदा क्षेत्र में ट्रेस की।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को फरार होने से पहले ही दबोच लिया। पूछताछ के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जा रही है तथा सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।