✍️ भागीरथी यादव
साडा कॉलोनी में चोरी की वारदात से दहशत, फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
कोरबा, जमनीपाली। साडा कॉलोनी स्थित प्रगति टेलीकॉम के संचालक प्रतीक अग्रवाल के घर से दिनदहाड़े रेंजर साइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। पूरी घटना घर एवं दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 जून 2026 को सुबह लगभग 11:07 बजे एक अज्ञात युवक प्रगति टेलीकॉम के सामने देखा गया। सीसीटीवी फुटेज में युवक गुलाबी रंग की टी-शर्ट, हाफ जींस पैंट तथा काले-सफेद रंग का कपड़ा पहने हुए दिखाई दे रहा है। कुछ समय बाद उसने अपने चेहरे को कपड़े से ढंक लिया और घर के बाहर बैठा रहा।

इसके बाद सुबह लगभग 11:16 बजे उक्त युवक घर के अंदर खड़ी रेंजर साइकिल को लेकर प्रतीक्षा बस स्टैंड की ओर फरार हो गया। घटना की पूरी तस्वीर एवं वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़ित प्रतीक अग्रवाल, निवासी पी.एल. 83, साडा कॉलोनी, जमनीपाली ने मामले की शिकायत दर्री थाना में दर्ज कराते हुए आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा चोरी हुई साइकिल की बरामदगी की मांग की है।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की वारदात ने क्षेत्र में चोरों के बढ़ते हौसलों को उजागर कर दिया है। घटना के बाद साडा कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों में भय और चिंता का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि दिन के समय इस प्रकार की चोरी की घटनाएं बढ़ने से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त बढ़ाने एवं चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।

