3 किलो से अधिक गांजा के साथ युवक गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

 

एमसीबी। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में जनकपुर पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.140 किलोग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान 3 जून को जनकपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम शेरी मार्ग से जनकपुर की ओर गांजा लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम शेरी के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।

जांच के दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक CG-16-CS-1894 पर सवार सतीश सिंह कंवर (31 वर्ष) निवासी बड़कापारा, थाना जनकपुर की तलाशी ली गई। उसके पास मौजूद झोले से तीन पैकेटों में रखा कुल 3.140 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 31,400 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के साथ मोटरसाइकिल और एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश देवांगन, उप निरीक्षक किशन चौहान, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, आरक्षक दीपक मिंज, सूर्यपाल सिंह एवं सहायक आरक्षक विष्णु यादव की सक्रिय भूमिका रही।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।