✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में कोरबा के 15 वर्षीय खिलाड़ी श्रेयांश साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर जिले व छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 27 सितंबर 2026 को मजरी ग्रांट रिसोर्ट, देहरादून रोड, डोईवाला में वर्ल्ड रॉ पावरलिफ्टिंग फेडरेशन (WRPF) के तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता में देशभर से करीब 400 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
सब-जूनियर वर्ग की 90 किलोग्राम बॉडीवेट कैटेगरी में श्रेयांश ने 407.5 किलोग्राम का कुल प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं ओपन बेंच प्रेस में 85 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक तथा ओपन डेडलिफ्ट में 175 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक अपने नाम किया।
महज 15 वर्ष की उम्र में श्रेयांश का प्रदर्शन इसलिए भी उल्लेखनीय रहा, क्योंकि उनके वर्ग में 18 वर्ष तक के खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा कर रहे थे। उन्होंने अपनी ताकत, तकनीक और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक हासिल किए।
श्रेयांश की सफलता में उनके कोच एवं टीम मैनेजर दीपक सिदार के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के लिए उन्होंने लंबे समय तक श्रेयांश को प्रशिक्षण दिया।
श्रेयांश की उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ राज्य पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन, हेमलता सिदार, अंतरराष्ट्रीय मेडलिस्ट मेहुल प्रधान, नितेश, समीर हुसैन, प्रांजल, राष्ट्रीय मेडलिस्ट दिनेश कंवर, अंतरराष्ट्रीय मेडलिस्ट करण यादव, राष्ट्रीय खिलाड़ी लक्ष्य, अंतरराष्ट्रीय मेडलिस्ट अमित गुप्ता, सुश्री मोनिका सहित गिव फिटनेस हेल्थ क्लब टीम ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
