✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने और पार्टी फंड के नाम पर एक निजी सलाहकार से 82 लाख 63 हजार 194 रुपये की ठगी करने के आरोप में सरकंडा पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने राजनीतिक नेताओं से करीबी संपर्क होने का झांसा देकर पहले पीड़ित का विश्वास जीता और बाद में पद दिलाने व कागजी प्रक्रिया के नाम पर लाखों रुपये वसूल लिए। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार श्री विहार, सरकंडा निवासी चेतन आनंद दुबे की वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से निखत परवीन शाबरी उर्फ निकहत शाबरी उर्फ निक्की (34), निवासी खोंगापानी, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से पहचान हुई थी। महिला ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए केंद्र व राज्य के बड़े नेताओं से करीबी संबंध होने का दावा किया। जमीन विवाद सुलझाने के नाम पर उसने प्रार्थी का विश्वास हासिल किया और बाद में उसकी राजनीति में रुचि का फायदा उठाकर पार्टी में बड़ा पद दिलाने का लालच दिया।
आरोप है कि पार्टी फंड और अन्य कागजी प्रक्रिया के नाम पर प्रार्थी तथा उसके दोस्तों सतीश अग्रहरी, अंकित पाण्डेय और डॉ. गायत्री गुप्ता के खातों के माध्यम से एवं नकद कुल 82,63,194 रुपये ले लिए गए। रकम वापस मांगने और पद दिलाने के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा धमकी और महिला संबंधी झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है।
शिकायत के बाद सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 1376/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के झगराखांड-खोंगापानी पहुंची और आरोपी को उसके निवास से हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और प्रार्थी के दस्तावेज व बायोडाटा बरामद किए गए। विवेचना के दौरान धारा 119(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी झगराखांड और सिविल लाइन रायपुर थाने में वसूली, ब्लैकमेलिंग, जुआ सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि राजनीतिक पद, प्रभावशाली लोगों से संपर्क या अन्य लाभ दिलाने का झांसा देने वाले लोगों से सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
