✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। कोहड़िया क्षेत्र की नहर में बच्चों के जान जोखिम में डालकर नहाने और मस्ती करने का मामला सामने आया है। तस्वीरों में बच्चे नहर पर बने पुल के ऊपर से पानी में छलांग लगाते दिखाई दे रहे हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि जिस पुल से बच्चे छलांग लगा रहे हैं, उसके ठीक ऊपर से बिजली का तार गुजर रहा है।

तेज बहाव वाली नहर में बच्चों का इस तरह छलांग लगाना बेहद जोखिम भरा है। जरा सी चूक होने पर बच्चा तेज बहाव में बह सकता है। वहीं पुल के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के कारण करंट की चपेट में आने का खतरा भी बना हुआ है।

यदि कोई बच्चा पानी के तेज बहाव में बह गया तो वह बरपारा कोहड़िया की ओर जा सकता है। वहां नहर के भीतर बनी पुलनुमा संरचना में रुकने की संभावना है, लेकिन वहां भी नहीं रुक पाने पर पानी का बहाव आगे चांपा की नदी की ओर ले जा सकता है।
नहर में पहले भी लोगों के बहने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद बच्चों का यहां पहुंचकर पुल से छलांग लगाना गंभीर चिंता का विषय है। तेज बहाव, गहरी नहर और पुल के ठीक ऊपर से गुजरती बिजली लाइन—तीनों मिलकर यहां कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
