कटघोरा: कबाड़ के ठिकाने से निकली 6.5 टन रेलवे पटरी, गैस कटर और सिलेंडर भी बरामद…..

✍️ भागीरथी यादव

 

कटघोरा। छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत बिछाई जा रही नई रेल लाइन से रेलवे पटरी चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। जटगा चौकी पुलिस ने ग्राम बरबसपुर स्थित एक किराए के मकान में दबिश देकर करीब 6.5 टन वजन की 36 नग कटी हुई रेलवे पटरी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार मकान को राजू कुमार नामक युवक ने किराए पर लिया था। वह रेल कॉरिडोर के कार्य से जुड़ी एक निजी कंपनी में काम करता था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर, अन्य सामान और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया है।

 

पुलिस की दबिश की भनक लगते ही राजू कुमार मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि रेलवे सामग्री को काटकर चोरी करने और उसे अन्य स्थानों पर खपाने का काम किया जा रहा था। मामले में रेलवे विभाग और संबंधित कंपनी के अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

 

जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव ने बताया कि बरामद रेलवे सामग्री के संबंध में जांच जारी है। कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के अनुसार बरामद पटरी का वजन करीब 6,480 किलोग्राम है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद चोरी के नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका का खुलासा होने की संभावना है।