कोरबा: 10 लाख की मंजूरी के बाद भी नहीं बना सामुदायिक भवन, 10 महीने से इंतजार कर रहा यादव समाज…..

✍️ भागीरथी यादव

 

10 महीने से निर्माण कार्य अटका, समाज ने जनपद पंचायत सीईओ और कलेक्टर को सौंपा शिकायत पत्र

 

कोरबा। करतला ग्राम पंचायत में विधायक मद से स्वीकृत 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाला सामुदायिक भवन अब तक नहीं बन पाया है। भवन निर्माण में हो रही देरी को लेकर यदुवंशी झेरिया यादव समाज कल्याण समिति ने नाराजगी जताते हुए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) और जिला कलेक्टर को शिकायत सौंपकर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

समाज की ओर से सौंपे गए शिकायत पत्र के अनुसार, करतला में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए विधायक मद से राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन करीब 10 महीने बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। समिति ने इस संबंध में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भी आवेदन देकर तत्काल निर्माण शुरू कराने की मांग की है। वहीं, कलेक्टर को सौंपे गए विस्तृत शिकायत पत्र में स्वीकृत राशि के वितरण और उसके उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्वीकृत 10 लाख रुपये में से करीब 4 लाख रुपये की राशि अलग-अलग लोगों के खातों में दिए जाने की बात सामने आई है। इसमें लगभग 2 लाख रुपये गजना प्रसाद यादव के बैंक खाते में, एक लाख रुपये ग्राम पंचायत के उपसरपंच अंकित राय को तथा शेष एक लाख रुपये देवेंद्र राठिया के पास होने का उल्लेख किया गया है। समिति ने पूरे मामले की जांच कर राशि के उपयोग की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

 

समिति का कहना है कि सामुदायिक भवन निर्माण को लेकर कई बार बैठकें हुईं और संबंधित जिम्मेदारों के सामने समस्या रखी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। भवन नहीं बनने से समाज के लोगों को सामाजिक कार्यक्रमों और सामूहिक बैठकों के आयोजन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

यादव समाज कल्याण समिति ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, स्वीकृत राशि का हिसाब लिया जाए और सामुदायिक भवन का निर्माण जल्द शुरू कराया जाए। अब समाज की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।