✍️ भागीरथी यादव
राजस्व पटवारी संघ ने समस्याओं के निराकरण के लिए शासन को सौंपा ज्ञापन, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
कोरबा। राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़, जिला कोरबा ने पीवी (PV) ऐप की व्यावहारिक समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की सूचना दी है। संघ ने इस संबंध में भू-अभिलेख संचालनालय, रायपुर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है।
ज्ञापन में संघ ने बताया कि पीवी ऐप से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं के संबंध में पूर्व में भी शासन और विभाग को अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक इनका कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है। इसके कारण पटवारियों को अपने नियमित कार्यों के निष्पादन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संघ के अनुसार, पटवारियों से फसल गिरदावरी, किसान पंजीयन, स्वामित्व योजना, जनगणना, प्रथम चरण सर्वेक्षण, भूमि सिंचाई संगणना, रेलवे सर्वे, पीएम किसान, आवास योजना और अन्य विभागीय कार्य प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं। इसके बावजूद पीवी ऐप की समस्याओं का समाधान नहीं होने से कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
संघ ने आरोप लगाया कि तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं के कारण कामकाज प्रभावित होने के बावजूद पटवारियों को कारण बताओ नोटिस और निलंबन जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने ऐसी कार्रवाइयों को तत्काल निरस्त करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि समस्याओं का निराकरण नहीं होने की स्थिति में जिले के सभी पटवारी 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन आंदोलन पर जाएंगे। संघ ने शासन-प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर समस्याओं का जल्द समाधान करने की अपील की है।
