✍️ भागीरथी यादव
संदिग्ध बैंक खाते में फ्रॉड की रकम मिलने पर तारबाहर पुलिस और ACCU की कार्रवाई, आरोपी न्यायालय में पेश
बिलासपुर। साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में तारबाहर थाना पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने संदिग्ध बैंक खाते के जरिए ठगी की रकम के लेन-देन के मामले में एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विश्वजीत बाली (33 वर्ष), पिता विनय कुमार, निवासी हेमू नगर, तहसीलदार गली, थाना तोरवा, बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय रायपुर से प्राप्त निर्देशों के तहत म्यूल बैंक खातों की जांच कर कार्रवाई की जा रही है। भारत सरकार के पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर एक्सिस बैंक के खाता क्रमांक 924020055482571 को संदिग्ध मानते हुए मामले की जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान बैंक खाते के लेन-देन का विवरण खंगाला गया। इसमें ठगी की रकम के साथ अन्य राशि भी खाते में जमा होने तथा यूपीआई और एटीएम के माध्यम से रकम निकाले जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने खाताधारक विश्वजीत बाली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2), 317(5), 318(4), 323 और 317(4) में अपराध दर्ज कर विवेचना की है। पुलिस की यह कार्रवाई साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध बैंक खातों की पहचान कर उनके माध्यम से होने वाले वित्तीय लेन-देन पर अंकुश लगाने के प्रयास का हिस्सा है।
