✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की चाह में सड़क सुरक्षा को ताक पर रखने का मामला कोरबा में सामने आया है। यहां चलती कार पर खतरनाक अंदाज में डांस करती युवतियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वाहन के पंजीयन के आधार पर संबंधित मालिक की पहचान कर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के मामले में एफआईआर दर्ज की है।
मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गरबा आयोजन के लिए सजाई गई सड़क पर काले रंग की कार में सवार युवतियां जोखिम भरा प्रदर्शन करती नजर आईं। वीडियो में कुछ युवतियां कार के बोनट पर लेटकर तो कुछ दरवाजों पर लटककर डांस करती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान जरा-सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। ऐसी हरकत से सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
स्टंटबाजी का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई। वीडियो में कार का पंजीयन नंबर CG 12 BV 6007 दिखाई दे रहा है। इसके साथ एक विवादित अंदाज वाला कैप्शन भी साझा किया गया, जिसने लोगों का ध्यान खींचा। हालांकि, सोशल मीडिया पर चर्चा के बीच पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
वाहन मालिक की पहचान, वैधानिक कार्रवाई जारी
कोरबा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मुताबिक, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। वाहन के पंजीयन नंबर के जरिए संबंधित मालिक की पहचान की गई और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि सोशल मीडिया पर कुछ पल की लोकप्रियता पाने के लिए सड़क पर दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालना कितना उचित है। मनोरंजन के नाम पर की गई ऐसी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
