✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। राहगीर से मोबाइल फोन और नकदी झपटकर फरार हुए दो आरोपियों को उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद आरोपी लूटे गए मोबाइल को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उरगा चौक में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन, 500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी ने थाना उरगा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रेलर क्रमांक CG 12 BN 4977 से गेवर्रा से रायगढ़ जा रहा था। दोपहर करीब दो बजे कमरीचोली मेन रोड के आगे उसने अपना वाहन रोका और नीचे उतर गया। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति उसके पास पहुंचे। दोनों ने खुद को माइनिंग में काम करने वाला बताया और बातचीत शुरू कर दी।
बताया गया कि बातचीत के दौरान दोनों ने अचानक प्रार्थी पर झपट्टा मारा और उसका ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन तथा जेब में रखे 500 रुपये लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। प्रार्थी ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल का नंबर CG 12 BS 0751 पुलिस को बताया।
मामले में उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 578/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) एवं 3(5) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान लिए और आरोपियों की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उरगा चौक में दो व्यक्ति मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर केसरी नन्दन वैष्णव (36 वर्ष), निवासी पाण्डेय चाल, उरगा चौक और ललित कुमार चौहान (22 वर्ष), निवासी कटबितला, थाना उरगा को पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने केसरी नन्दन वैष्णव के कब्जे से ओप्पो मोबाइल फोन तथा ललित कुमार चौहान के पास से घटना में प्रयुक्त काले रंग की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और 500 रुपये बरामद किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 18 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 24 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
