स्कूटी की डिक्की में छिपाकर रखा था गांजा, 36 वर्षीय महिला गिरफ्तार….

✍️ भागीरथी यादव

 

मगरलोड में पुलिस की कार्रवाई, 740 ग्राम गांजा, नकदी और स्कूटी समेत ₹48,850 का सामान जब्त

 

धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत मगरलोड पुलिस ने ग्राम भैंसमुंडी में कार्रवाई करते हुए एक महिला को गांजा बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 740 ग्राम गांजा, बिक्री की नकदी और एक स्कूटी सहित कुल ₹48,850 का मशरूका जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर को मगरलोड पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भैंसमुंडी में नहर नाली के पास एक महिला अपने घर के सामने गांजा बेच रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान संदेह के आधार पर सीमा बेगम (36 वर्ष), पति अकील खान, निवासी वार्ड क्रमांक 09, भैंसमुंडी को पकड़ा गया।

 

महिला आरक्षक की मौजूदगी में तलाशी लेने के साथ ही पुलिस ने स्कूटी क्रमांक CG-05-M-3706 की जांच की। स्कूटी की डिक्की में सीट के नीचे रखे थैले से खाकी टेप में लिपटा गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा गांजा रखने और बिक्री के लिए इस्तेमाल किए जा रहे छोटे-बड़े कुल 45 जिपलॉक पॉलीथिन पाउच तथा ₹1,850 नकद भी जब्त किए गए।

 

पुलिस के अनुसार, बरामद 740 ग्राम गांजे की अनुमानित कीमत ₹37,000 और स्कूटी की कीमत ₹10,000 आंकी गई है। नकदी सहित जब्त संपत्ति का कुल मूल्य ₹48,850 बताया गया है।

 

मामले में थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई है।