✍️ भागीरथी यादव
कुरूद में अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई, तीन धारदार चाकू जब्त
धमतरी। दशहरा पर्व से पहले धमतरी पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन धारदार चाकू बरामद किए हैं। तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, कुरूद थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर चाकू लेकर लोगों को आतंकित करने की सूचना पर कार्रवाई की गई। पहली कार्रवाई चरमुरिया अंडरब्रिज के पास एनएच-30 पर हुई, जहां राखी निवासी ओमकार मण्डावी (22) को पकड़ा गया। दूसरी कार्रवाई कुरूद रोड स्थित सांधा चौक के पास की गई, जहां बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र के पेरपार निवासी सतीश कुमार पटेल (22) चाकू के साथ मिला। वहीं, भरदा चौक पर रेलवे स्टेशन चरमुरिया निवासी हर्ष यादव (18) को बटनदार चाकू लहराकर लोगों को डराने के आरोप में पकड़ा गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक चाकू जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
