मोटरसाइकिल से गांजे की तस्करी, 14 लाख का माल जब्त….

✍️ भागीरथी यादव

 

26 किलो गांजे की खेप के साथ तीन गिरफ्तार, अवैध बिक्री करते एक और आरोपी पकड़ाया; तस्करी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त

 

जगदलपुर। बस्तर में गांजे की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो अलग-अलग मामलों में करीब 14 लाख रुपये कीमत का गांजा जब्त किया है। नानगुर थाना क्षेत्र में तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी गई, जबकि नगरनार इलाके में गांजे की अवैध बिक्री करते एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल चार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नानगुर थाना क्षेत्र में मुखबिर से गांजा तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से जा रहे एक युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 26 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गांजा खरीदने पहुंचे मध्य प्रदेश निवासी दो अन्य युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकरण में तीनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। गांजे की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

 

नगरनार में बिक्री करते पकड़ा गया आरोपी

 

इधर, नगरनार थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से गांजा बेचने के मामले में एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।

 

पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में जब्त गांजे की कुल अनुमानित कीमत लगभग 14 लाख रुपये है। इन कार्रवाइयों के जरिए पुलिस ने तस्करी और अवैध बिक्री के विरुद्ध सख्त रुख अपनाया है। नानगुर मामले में आगे की जांच के जरिए गांजे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है।